झाबुआ से श्याम त्रिवेदी की रिपोर्ट
जिले के उत्कृष्ट बोर्ड परीक्षा परिणाम पर मंत्री सुश्री भूरिया ने जताई प्रसन्नता, विद्यार्थियों को दी बधाई।
झाबुआ । मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा घोषित कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों में झाबुआ जिले के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मध्यप्रदेश शासन की महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने हर्ष व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं अभिभावकों को हार्दिक बधाई दी है।
मंत्री सुश्री भूरिया ने अपने संदेश में कहा कि झाबुआ जिले के विद्यार्थियों ने शानदार सफलता हासिल कर पूरे प्रदेश का ध्यान आकर्षित किया है। हायर सेकेंडरी परीक्षा में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करना तथा हाई स्कूल परीक्षा में शीर्ष 5 जिलों में शामिल होना जिले के लिए गौरव की बात है। उन्होंने इसे “झाबुआ के बदलाव की नई इबारत” बताते हुए कहा कि यह उपलब्धि आदिवासी अंचल में शिक्षा के प्रति बढ़ती जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन का प्रमाण है।
उन्होंने सफल छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, लगन और अनुशासन ने यह सिद्ध कर दिया है कि झाबुआ के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। साथ ही, उन्होंने शिक्षकों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद विद्यार्थियों को उत्कृष्ट परिणाम दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा के स्तर को और सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य है कि झाबुआ का प्रत्येक बच्चा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्राप्त कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए। भविष्य में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को और मजबूत किया जाएगा, ताकि जिले के विद्यार्थी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकें।”
मंत्री सुश्री भूरिया ने उन विद्यार्थियों का भी हौसला बढ़ाया जो इस बार परीक्षा में सफल नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि परीक्षा के अंक ही योग्यता का अंतिम मापदंड नहीं होते। निराश होने के बजाय अपनी कमियों को समझकर पुनः प्रयास करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि समाज और शासन उनके साथ खड़ा है।
क्रमांक
व्हाट्सएप्प ग्रुप से जुड़े
Join Now

